बिहार: सासू मां के कारण तीन साल से इच्छा नहीं हुई पूरी, नई नवेली दुल्हन का दर्द सुन पुलिस भी हो गई हैरान

Muzaffarpur News: मियां बीवी राजी तो क्या करेंगे काजी, कुछ ऐसा ही मामला बिहार के मुजफ्फरपुर से सामने आया है। यहां पर बालिग लड़का-लड़की शादी करना चाहते थे। लड़के के घर वाले तैयार नहीं थे। लड़के की मां को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। जब मामला महिला थाने पहुंचा तो लड़के के घर वाले तैयार हो गए।

मुजफ्फरपुर: मेरी एक ही मनोकामना थी, बस इनसे शादी हो जाए। मेरी सासू मां नहीं चाहती थी कि हम दोनों एक हों। मजबूर होकर मुझे पुलिस के पास जाना पड़ा। पुलिस की मदद से हम दोनों आज एक हो गए। ये शब्द उस दुल्हन के हैं, जो तीन साल से अपने प्यार को पाने के लिए तड़प रही थी। लड़के के घर वालों को मना रही थी। लेकिन लड़के की मां को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। ऐसे में लड़का भी पीछे हट जाता था। हार-थककर लड़की महिला थाने पहुंची। इसके बाद दोनों परिवारों की रजामंदी से थाने में ही शादी हुई।

दरअसल, मुजफ्फरपुर के रहने वाले अनुज कश्यप तीन साल पहले ( 2021 ) अपने मौसी के घर बेतिया गए हुए थे। वहां पर उनकी मुलाकात अनीता से होती है। दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ तो बात प्यार मोहब्बत तक पहुंच गई। धीरे-धीरे यह सिलसिला बढ़ता गया। दोनों एक दूसरे से मिलने के लिए बेतिया और मुजफ्फरपुर आते-जाते रहते थे। प्यार परवान चढ़ा तो दोनों शादी भी करना चाहते थे। अनीता के घरवाले तो शादी को तैयार हो गए, लेकिन अनुज की मां को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। ऐसे में वह शादी से इनकार कर दी।

लड़के की मां शादी को नहीं थी तैयार

इसके बाद अनीता के घर वालों ने अनुज के घर वालों से बात की। बावजूद इसके शादी से इनकार कर दिया गया। दूसरी ओर अनीता हर हाल में अनुज की दुल्हन बनना चाहती थी। हार-थककर वह मुजफ्फरपुर महिला थाना पहुंची और अनुज के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। बाद में पुलिस के समझाने के बाद अनुज के घर वाले शादी को तैयार हो गए। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में गरीबनाथ मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई।

शादी के बाद अनीता ने बताया कि पिछले तीन साल से वे लोग एक दूसरे को प्रेम करते हैं। कभी अनुज बेतिया आया करता था, तो कभी वह खुद मुजफ्फरपुर उससे मिलने आ जाती थी। अनीता के अनुसार, दोनों शादी के लिए के लिए तैयार थे, लेकिन अनुज की मां नहीं मान रही थी। इस कारण महिला थाने में शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस के समझाने के बाद अनुज के घर वाले राजी हो गए और हम दोनों की शादी हो गई। एक तरह से मनोकामना पूरी हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *